*आखिरी क्षणों में उत्तराखंड ने दिखाया दम।
गणेश वैद (बद्रीविशाल ब्यूरो)
हरिद्वार। रोशनाबाद के वंदना कटारिया स्टेडियम में चल रही 38वें राष्ट्रीय खेलों की हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी उत्तराखंड को पराजय का मुंह देखना पड़ा। सुबह उत्तराखंड की महिला टीम को महाराष्ट्र ने 3-0, तो शाम को पुरुषों की टीम को हरियाणा के हाथों 8-4 से हार का सामना करना पड़ा। ग्रुप में उत्तराखंड के अब दो दो मैच शेष बचे।

38वें राष्ट्रीय खेलों के तहत आज बुधवार को भी हॉकी में महिला व पुरुष वर्ग के तीन तीन मुकाबले खेले गए। पहला सुबह 7 बजे हरियाणा व कर्नाटक के बीच खेला गया, जिसमें हरियाणा ने कर्नाटक को 4-0 से मात दे दी। वहीं दूसरा मैच मणिपुर व मिजोरम के बीच सुबह 8:45 पर हुआ। इसमें मणिपुर व मिजोरम के बीच 2-2 से बराबर रहा। जबकि तीसरा मैच उत्तराखंड व महाराष्ट्र के बीच 10:30 से शुरू हुआ। जिसमें महाराष्ट्र ने 3-0 से उत्तराखंड को मात दे दी।

वहीं दूसरी ओर पुरुष हॉकी के मुकाबलों में उड़ीसा ने मध्य प्रदेश को 1-0 से हराया। जबकि तमिलनाडु को महाराष्ट्र के हाथों 2-1 से पराजय मिली। दिन का आखिरी मैच उत्तराखंड व हरियाणा के बीच खेला गया। जिसमें हरियाणा ने उत्तराखंड को 8-4 से हरा दिया। हालांकि मैच उत्तराखंड हार गया,लेकिन मैच के अंतिम 13 मिनट में उत्तराखंड ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया और उसने एक के बाद एक 3 गोल दागे। हालांकि हरियाणा ने शुरू में ही उत्तराखंड पर 4-0 की बढ़त बना ली थी, जिस पर उत्तराखंड के लिए वापिसी करना बेहद मुश्किल था। यहां से उत्तराखंड मैच हार जरूर गया लेकिन अंतिम क्षणों में उत्तराखंड ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन दिखाते हुए मैच के अंतिम 13 मिनट में 3 गोल दागा कर जार के बड़े अंतर को कम करने के साथ ही स्टेडियम में मौजूद दर्शकों के बीच रोमांच भी पैदा कर दिया।
उत्तराखंड की महिला हॉकी टीम को पूल बी में जगह मिली। उसके ग्रुप में महाराष्ट्र, झारखंड, मिजोरम व मणिपुर की टीमें है। जिनमें वह झारखंड से पहला मैच हार गई थी और आज अपना दूसरा मैच उसने महाराष्ट्र के हाथों भी गंवा दिया। अब अगर वह मिजोरम के साथ होने वाला अपना अगला मैच भी हार जाती है तो वह स्पर्धा से बाहर हो जाएगी। वहीं उत्तराखंड की पुरुष हॉकी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, तमिलनाडु व महाराष्ट्र के साथ ग्रुप बी में है। बता दें कि इसमें भी उत्तराखंड की पुरुष टीम अपना पहला मैच उत्तर प्रदेश से 9-1 से हार गई थी और आज हरियाणा ने 8-4 से हराया। अब तमिलनाडु व महाराष्ट्र से दो मैच बचे है। ऐसे में प्रतियोगिता में बने रहने के लिए उत्तराखंड को अगले दोनों मैच बड़े अंतर से जीतना होगा।