हरिद्वार। रविवार अल सुबह करीब 3.30 बजे ग्राम धारीवाला स्थित शनि देव मंदिर के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक सड़क पर आई गाय को बचाने के प्रयास में बिजली के पोल को तोड़ते हुए पास के नाले और एक दुकान के फर्श से जा टकराया। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रक का अगला धुरा और कमानी अलग हो गए। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या यूपी 20 एटी 7202 का चालक अरमान निवासी चांदपुर, जनपद बिजनौर चांदपुर से हरिद्वार इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कंपनी में केमिकल लेने जा रहा था। जैसे ही ट्रक धारीवाला गांव में शनि देव मंदिर के पास पहुंचा, तभी अचानक सड़क पर एक गाय आ गई। गाय को बचाने के लिए चालक ने तुरंत पावर ब्रेक लगाए, जिससे ट्रक अनियंत्रित हो गया और बिजली के खंभे को तोड़ते हुए नाले और पास बनी दुकान के फर्श से जा टकराया।
सुबह होने पर घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। बाद में चालक ने क्रेन बुलाकर ट्रक को हटवाया, जिसके बाद रास्ता साफ कराया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रक नाले और फर्श से न टकराता तो वह सीधे पास की परचून की दुकान में घुस सकता था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
चालक अरमान के अनुसार इस हादसे में ट्रक को करीब 50 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर घूम रहे आवारा पशुओं को हटाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
