हरिद्वार। दिल्ली से हरिद्वार आ रहे तीर्थयात्रियों की एक कार प्रेमनगर आश्रम स्थित फ्लाईओवर पर सोमवार को भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में कार सवार सात लोग घायल हो गए, जिनमें से एक यात्री की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी, तुरंत शुरू हुआ रेस्क्यू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। घायलों को पहले मेला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया। इस दौरान 108 एम्बुलेंस सेवा और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की एम्बुलेंस ने भी तेजी से मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हादसे के दौरान कुछ आम नागरिकों ने भी सराहनीय भूमिका निभाई।
दिल्ली निवासी लोडर चालक सचिन ने मौके पर रुककर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। वहीं, टेंपो ट्रैवलर चालक संजय ने भी सहयोग कर मानवता का परिचय दिया।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार घायलों में नीलम (39), जयप्रकाश (55), किशोर (47), विनोद कुमार (40), सर्वेश (55), सत्य प्रकाश (60) व राजबहादुर (58) के रूप में हुई है। सभी घायल दिल्ली के तुगलकाबाद क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कार चला रहे राजबहादुर के आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। इसके अलावा, फ्लाईओवर पर खराब हालत में खड़ा एक तेल टैंकर भी हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है, जिसने दुर्घटना की स्थिति को और गंभीर बना दिया।
बताया जा रहा है कि सभी यात्री हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने के लिए जा रहे थे। धार्मिक यात्रा के दौरान हुए इस हादसे से परिजनों में चिंता का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सीपीयू के प्रवेश खत्री, एसआई रमेश कुमार, राजेंद्र भंडारी, चंद्रदीप और शेर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत कार्य को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के सभी कारणों की पड़ताल की जा रही है।
