हरिद्वार। लक्सर के संयुक्त स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात सरकारी डॉक्टर डॉ. अनमोल सिंह के साथ अस्पताल परिसर में अभद्रता, गाली-गलौज, हाथापाई और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद डॉक्टर ने लक्सर पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब डॉ. अनमोल सिंह अस्पताल की इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात थे। डॉ. अनमोल सिंह ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके मोबाइल फोन पर हर्षवर्धन नामक व्यक्ति का फोन आया। उसने डॉक्टर से उनकी लोकेशन पूछी, जिस पर उन्होंने बताया कि वह इमरजेंसी वार्ड में मौजूद हैं। आरोप है कि इसके कुछ ही देर बाद हर्षवर्धन अपने कुछ साथियों के साथ अस्पताल पहुंच गया और वहां आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने अस्पताल परिसर में ही डॉक्टर के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की कोशिश की। मौके पर मौजूद अस्पताल स्टाफ के बीच-बचाव के बाद मामला ज्यादा नहीं बढ़ा, लेकिन आरोपी डॉक्टर को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पूरा विवाद एक निजी अस्पताल में मरीज रेफर करने के कथित मामले से जुड़ा हुआ है। घटना के बाद डरे-सहमे डॉ. अनमोल सिंह ने लक्सर पुलिस से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
