पुलिस की छापेमारी में दबोचा गया आरोपित, पहले भी दर्ज हैं कई संगीन मुकदमे
हरिद्वार। जिले के लक्सर क्षेत्र में ईद की नमाज के दौरान हुई जानलेवा फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 21 मार्च को रिजवान पुत्र जहीर हसन निवासी खेड़ी खुर्द, थाना कोतवाली लक्सर ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विपक्षी ने उसके और उसके परिजनों के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की नियत से तमंचे से फायर किया। तहरीर के आधार पर कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया।
त्योहारी सीजन में इस प्रकार की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज करते हुए आज मुकदमे में वांछित आरोपी सचिन को दबोच लिया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
आरोपित का नाम पता आस मौ. पुत्र ताहिर, निवासी ग्राम खेड़ी कला, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार बताया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है।
