कठुआ हमले में उत्तराखंड के पांच जवान हुए शहीद 

uttarakhand

*22 गढ़वाल राइफल्स के थे जवान।

देहरादून। जम्मू कश्मीर के कठुआ में हुए आतंकी हमले में उत्तराखंड के 5 जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी है। शहीद हुए जवानों में 2 पौड़ी, 2 टिहरी और एक रुद्रप्रयाग जिले के है। जवानों की शहादत से उत्तराखंड में शोक का माहौल है। सूबे के सीएम धामी ने जवानों की शहादत पर दुख जताया है। वहीं प्रदेश के लोगों में भी आतंकवादियों के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश है।

जम्मू कश्मीर के कठुआ में आतंकी हमले में टिहरी जिले के जांबाज आदर्श नेगी शहीद हुए हैं। कीर्तिनगर में थाती डागर निवासी राइफलमैन आदर्श नेगी राइफलमैन के पद पर तैनात थे। 26 वर्षीय आदर्श टिहरी जिले के कीर्तिनगर ब्लॉक के थाती डागर गांव के रहने वाले थे। उनके पिता दलबीर सिंह नेगी गांव में ही खेतीबाड़ी का काम करते हैं। वहीं रुद्रप्रयाग

जिले के कांडाखाल निवासी आनंद सिंह रावत भी शहीद हुए हैं। आनंद सिंह रावत की उम्र 41 साल थी। वो सेना में नायब सुबेदार के पद पर थे। उनकी शहादत की खबर आने के बाद से परिवार में मातम का माहौल है। शहीद का परिवार देहरादून में रहता है। उनकी मां और भाई गांव में रहते हैं।

पौड़ी जिले के हवलदार कमल सिंह भी कठुआ आतंकी हमले में शहीद हुए हैं। हवलदार कमल सिंह लैंसडाउन तहसील के पापरी गांव के निवासी थे। पौड़ी गढ़वाल जिले के राइफलमैन अनुज नेगी भी कठुआ आतंकी हमले में शहीद हो गए हैं। अनुज नेगी रिखणीखाल तालुक के डोबरिया गांव के निवासी थे। टिहरी गढ़वाल जिले के नायक विनोद सिंह भी कठुआ आतंकी हमले में शहीद हुए हैं। विनोद सिंह जाखणीधार तालुक के चौंद जसपुर गांव के रहने वाले थे। शहीद विनोद सिंह का परिवार देहरादून के भनियावाला में रहता है। 

आतंकी हमला सोमवार दोपहर बाद उस वक्त हुआ जब बिलावर उप जिले में बदनोता के नाले के पास सेना के 22 गढ़वाल राइफल्स के जवानों का वाहन इलाके में गश्त पर था। वाहन में दस जवान सवार थे। आतंकियों ने वाहन पर पहले ग्रेनेड फेंके, इसके बाद सेना के वाहन पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी थी। इस आतंकी हमले में सेना के 5 जवान शहीद हो गए। 5 जवान घायल हैं।

आतंकी हमले में शहीद हुए पांच जवानों की शहादत पर सीएम धामी ने शोक जताया है। कहा कि कठुआ में सेना के काफिले पर आतंकवादी हमले में पांच जवानों के शहीद होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। इस कायरतापूर्ण हमले की निंदा करता हूं और पूर्ण विश्वास के साथ कह सकता हूं कि मानवता के ये दुश्मन बख्शे नहीं जाएंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *