छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास में फरार आरोपित तमंचे के साथ गिरफ्तार

Crime Haridwar Latest News

हरिद्वार। युवती के साथ छेड़छाड़, अपहरण के प्रयास और तमंचा दिखाकर धमकाने के मामले में फरार चल रहे आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के पास से एक तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।


पुलिस के अनुसार 25 जनवरी को सुमननगर, रानीपुर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली रानीपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वाजिद नामक युवक और उसके साथी ने उनकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ की और उसे जबरन ले जाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की और तमंचा दिखाकर धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके चलते न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था।


उच्च अधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही। इसी दौरान देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सलेमपुर मार्ग से वाजिद पुत्र मेहबूब निवासी ग्राम राजपुर, थाना रानीपुर (उम्र 24 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने युवती से दोस्ती करने की कोशिश की थी। युवती के मना करने पर वह अपने साथी के साथ उसे जबरन ले जाने का प्रयास करने लगा, लेकिन विरोध होने पर तमंचा दिखाकर वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 12 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपित के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 की बढ़ोतरी करते हुए पुलिस ने आरोपित का चालान कर दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपित पूर्व में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में जेल भी जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *