महिला संगठन ही महिलाओं की शक्ति को बढ़ा सकते हैंः मदन कौशिक

Haridwar Latest News Politics Roorkee social

सनातन धर्म में महिलाओं को दिया गया उच्च दर्जाः सोमेश्वरानन्द गिरि
हरिद्वार।
मां गंगा शक्ति महिला संगठन का गठन किया गया। बैरागी कैंप स्थित शंकराचार्य आश्रम में संगठन की कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान हाथरस काण्ड की मृतका की आत्मशांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर प्रार्थना की गयी और दोषियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की गयी। नवगठित संगठन की पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों को बधाई देते हुए कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशुद्ध रूप से महिला संगठनों की आवश्यकता है। महिलाओं के संगठन ही महिलाओं की शक्ति को बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं हमेशा ही परिवारों की देखरेख में अपना जीवन व्यतीत करती हैं। महिलाओं को भी सामाजिक संगठनों से जुड़ना चाहिए। महिलाएं आत्मनिर्भर होंगी तो परिवार व समाज तरक्की की ओर अग्रसर होगा। महिला उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने के लिए महिलाओं को स्वयं आगे आकर विरोध करना होगा।
संगठन की पदाधिकारियों व सदस्यों को शुभकामनाएं व आशीर्वाद देते हुए स्वामी सोमेश्वरानन्द गिरि महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति व सनातन धर्म में महिलाओं को उच्च दर्जा दिया गया है। आज आधुनिक युग में महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर समाज को प्रेरणा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि मां गंगा शक्ति महिला संगठन महिलाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मेयर अनिता शर्मा ने कहा कि मां गंगा शक्ति महिला संगठन महिलाओं के प्रति होने वाले अत्याचार के खिलाफ आवाज बुलंद करे। प्रसन्नता का विषय है कि चूल्हे चैके व परिवार की जिम्मेदारी संभालने के साथ महिलाएं नेतृत्व करने के लिए आगे आ रही हैं। पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी महाराज ने कहा कि आज महिलाएं पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रत्येक क्षेत्र में योगदान कर रही हैं। मां गंगा शक्ति महिला संगठन महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ बैरागी कैंप की जनसमस्याओं को उठाने में भी सहयोग करें। संगठन के संरक्षक दिनेश वर्मा ने कहा कि सभी साठ वार्डो में सदस्यता अभियान चलाकर संगठन का विस्तार किया जाएगा। अध्यक्ष सुनीता आर्य ने कहा कि महिला संगठन शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य करेगा। महिलाओं का उनके अधिकारों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। इस दौरान संगठन की ओर से मेयर अनिता शर्मा, वैद्य एमआर शर्मा, पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर पूजा शर्मा, किरण सहगल, संतोष नोडियाल, कविता मुखर्जी, संजीता शर्मा, कुमारी शालिनी, पूजा नोडियाल, पुष्पादेवी, पूनम मेहरा, धनेश्वरी, विमलेश यादव, अमरवती, संतोष, ममता, सुमन, आरती रावत, जयविन्द्री देवी, मीनू, कैलाश, शशीबाला अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *