एसबीआई के मिनी बैंक के ऑनर को बदमाशों ने मारी गोली, उपचार के दौरान मौत

Crime dehradun Haridwar Latest News Main News Roorkee uttarakhand

दैनिक बद्री विशाल
भगवानपुर/संवाददाता

क्षेत्र के मानकमजरा गांव में एसबीआई के फैंचाईजी ऑनर की बदमाशों ने घर लौटते समय गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक बिलाल (17) सहारनपुर जिले के लाडवा गांव का निवासी था। वह पिछले लम्बे समय से मानकमजरा गांव में एसबीआई की मिनी ब्रांच चला रहा था। हालांकि भगवानपुर थाने में तैनात दरोगा नरेन्द्र सिंह तोमर आनन-फानन में घायल बिलाल को लेकर अस्पताल की ओर भागे, लेकिन इसके बाद भी उसकी जान नहीं बच पाई। पुलिस ने चारों ओर सघन चैकिंग अभियान चलाया, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। परिजनों के अनुसार बिलाल मिनी बैंक बंद करके घर लौट रहा था। जैसे ही वह मानकमजरा गांव से बाहर पहुंचा, तभी बदमाशों ने गोली मारकर बिलाल को गम्भीर रुप से घायल कर दिया। घायल को रुड़की के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, तो चिकित्सकों ने हाथ खड़े कर दिये। बाद में उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। इस घटना से पुलिस महकमे में हडकंप मचा हुआ है। पुलिस सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही हैं। थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल का कहना है कि बदमाशों को जल्द गिरफ्तार किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *