सत्ता के गुरूर में भाजपाइयों का हंगामा;नगर पालिका में अधिशासी अधिकारी संग दुर्व्यवहार;महिला कर्मचारियों से भी अभद्रता का आरोप

Haridwar

हरिद्वार। पथ प्रकाश व्यवस्था को लेकर शिवालिकनगर नगर पालिका कैंपस में भाजपा मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान भाजपाईयों ने अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार के साथ गाली गलौज करते हुए धक्का मुक्की की। इतना ही नहीं बीच बचाव में आई महिला कर्मचारियों को भी नहीं बख्शा गया। लिखित शिकायत के बाद भी पुलिस ने मामले में कोई कार्यवाही नहीं की। घटना नौ मई देर रात की बतायी जा रही है।

उललेखनीय है कि इन दिनों नगर निकाय चुनाव की मतदाता सूची को अपडेट करने का कार्य चल रहा है। बताता गया है कि बीते गुरुवार देर रात शिवालिक नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी की अगुवाई में भाजपाई इकट्ठा होकर शिवालिकनगर नगर पालिका कैंपस पहुंचे। आरोप है कि भाजपाईयों ने पथ प्रकाश की व्यवस्था को उनके मन मुताबिक न किए जाने को लेकर अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार से अभद्रता शुरू कर दी।

ईओ ने जब उन्हें रोकना चाहा तो उनके साथ भी भाजपाइयों ने गाली-गलौज करते हुए धक्का मुक्की की। आरोप है कि बीच बचाव में आई महिला कर्मचारियों से भी अभद्रता की गई। सिक्योरिटी गार्ड के साथ भी हाथापाई की गई। पुलिस के पहुंचने पर भाजपाई वहां से निकल लिए। 

पूरे घटनाक्रम को लेकर कर्मचारियों ने रानीपुर कोतवाली में मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अंशुल शर्मा, देव विख्यात भाटी, गौरव गुर्जर, वेदांत चौहान समेत अज्ञात भाजपाईयों के खिलाफ लिखित में शिकायत दी, परन्तु आज तक मामले में कोई कार्यवाही नहीं हुई। पुलिस इस मामले में जांच जारी होने की बात कह रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *