खेल मंत्री अरविंद पांडे ने किया वंदना कटारिया राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम का उद्घाटन

Haridwar Latest News Politics Roorkee social Sports

हरिद्वार। खेल मंत्री अरविंद पांडे ने रोशनाबाद में नवनिर्मित नेशनल हॉकी स्टेडियम का आज उद्घाटन किया। इस स्टेडियम का नाम टोक्यो ओलंपिक की हैट्रिक गर्ल वंदना कटारिया के नाम से रखा गया। खेल मंत्री अरविंद पांडेय द्वारा स्टेडियम के अंदर बन रहे बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल का शिलान्यास भी किया गया, जिसको 17 करोड़ के लागत से बनाया गया है।
विदित हो कि हरिद्वार के रोशनाबाद गांव निवासी वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलंपिक में हॉकी में गोल की हैट्रिक लगाकर इतिहास रचा है। ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय महिला बनी हैं। अब उनके गांव का स्टेडियम भी उन्हीं के नाम से जाना जाएगा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे ने खिलाडि़यों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के स्टेडियम बनाना कोई बड़ा काम नहीं है। लेकिन इन तरह के स्टेडियमों से ऐसे खिलाड़ी विकसित होंगे जो आने वाले समय में राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे। इसी क्षेत्र की बेटी वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलंपिक में अपना अव्वल प्रदर्शन कर राज्य का ही नहीं, बल्कि देश का नाम रोशन किया है। हमारी सरकार का भी दायित्व है कि जो बच्चे खेलों में आगे बढ़ना चाहते हैं, उनका हौसला बढ़ाएं और उनको सुविधाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में खिलाडि़यों के लिए ऐसे स्टेडियम बनाए गए हैं और इन स्टेडियमों का नाम उन खिलाडि़यों के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने प्रदेश का ही नहीं बल्कि देश का नाम भी रोशन किया है। हमारे द्वारा प्रदेश में बनाई गई खेल नीति से सरकार उन खिलाडि़यों के साथ हर समय खड़ी है। उन्होंने कहा कि आज इस मंच से उन सभी खिलाडि़यों को कहना चाहूंगा जो खेलना चाहते हैं और किसी कारण उन्हें कोई न कोई समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मैं उन्हें आश्वस्त करना चाहता हूं कि हमारे द्वारा बनाई गई खेल नीति से उन सभी को मदद मिलेगी।
अरविंद पांडे ने कहा कि एक छोटे से गांव से उठकर वंदना कटारिया आज देश का नाम रोशन कर रही है। गरीब घर में पैदा होने के बावजूद उन्होंने अपने संघर्ष से आज देश ही नहीं, बल्कि दुनिया में अपना नाम रोशन किया है। उनके त्याग, तपस्या, संघर्ष को शब्दों में नहीं बयां किया जा सकता। इसलिए हमने इस स्टेडियम को वंदना कटारिया के नाम से रखने का मन बनाया और हम उम्मीद करते हैं कि आने वाले समय में वंदना कटारिया जैसी और भी बेटियां देश का नाम रोशन करेंगी। इस दौरान उनके साथ रानीपुर विधायक आदेश चौहान, भाजपा नेता व अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *