हरिद्वार। कोतवाली श्यामपुर क्षेत्र के ग्राम लाहडपुर में सामने आए बबलू हत्याकांड में हरिद्वार पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पहले इसे आत्महत्या बताया जा रहा था, लेकिन पुलिस की जांच में मामला हत्या का निकला। पुलिस ने मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग बेटी को संरक्षण में लिया गया है।
घटना का खुलासा करते हुए एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस के अनुसार, 02 अप्रैल को ग्राम लाहडपुर निवासी पूजा नामक महिला ने कोतवाली श्यामपुर में सूचना दी थी कि उसके पति बबलू ने शराब के नशे में कोई जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और पंचनामा भरते हुए फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की गई। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ।
इसी दौरान मृतक के भाई राजू ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसके भाई की पत्नी, बेटी और एक अन्य युवक ने मिलकर बबलू की गला घोंटकर हत्या की है। शिकायत के आधार पर कोतवाली श्यामपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए। इसी क्रम में मृतक के बच्चों से भी जानकारी ली गई। मृतक के बेटे ने बताया कि उसकी मां और बहन ने रात में तकिये से मुंह दबाकर उसके पिता की हत्या की थी।
पुलिस पूछताछ में पत्नी और नाबालिग बेटी ने सनसनीखेज खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उनके अन्य लोगों से अवैध संबंधों की जानकारी होने पर बबलू अक्सर शराब पीकर मारपीट करता था। इससे परेशान होकर दोनों ने बबलू को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
योजना के तहत घटना वाले दिन बबलू को शराब में नींद की दवा मिलाकर पिला दी गई। जब वह गहरी नींद में सो गया तो उसके हाथ-पैर दुपट्टों से बांध दिए गए और तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को दूसरे कमरे में चारपाई पर रखकर उसके मुंह में सल्फास का घोल डाल दिया गया और कमरे को बंद कर दिया गया।
अगली सुबह आरोपी पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसका पति रात में झगड़ा करके घर से चला गया था और बाद में आकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लिया और नाबालिग बेटी को नियमानुसार संरक्षण में लिया। मामले में पुलिस ने घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं, जिनमें मोबाइल फोन, सल्फास का पैकेट, शराब का खाली पाउच, स्टील का गिलास, चार दुपट्टे और एक तकिया शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, हत्या के मामले में कथित तौर पर पत्नी के प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपिता पूजा (काल्पनिक नाम) पत्नी स्व. बबलू, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम लाहडपुर, कोतवाली श्यामपुर, हरिद्वार बतायी गयी है।
फिलहाल पुलिस पे मुख्य आरोपिता पत्नी को न्यायालय में पेश किया, जबकि नाबालिग बेटी को विधिक प्रक्रिया के तहत संरक्षण में रखा गया है। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच जारी है।
