एमबीबीएस की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिवार में छाया मातम

Crime dehradun Latest News

डोईवाला। जौलीग्रांट स्थित एक यूनिवर्सिटी में एक एमबीबीएस प्रथम वर्ष की एक छात्रा का हॉस्टल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। घटना के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। कॉलेज प्रशासन ने आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छाया हुआ है।


जौलीग्रांट चौकी प्रभारी ईश्वर सिंह सैनी के अनुसार, मृतक 19 वर्षीय छात्रा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी और वह यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। बीते दिन जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आई, तो अनहोनी की आशंका व्यक्त की गई। जब छात्रा के कमरे में देखा गया तो वह पंखे से लटकी मिली।


सीओ सदर विवेक कुटियाल ने बताया कि पुलिस ने छात्रावास के कमरे से शव को कब्जे में ले लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच और सहपाठियों से हुई बातचीत के आधार पर पुलिस को संदेह है कि किसी छात्र के साथ हुए विवाद के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। हालांकि, घटनास्थल से पुलिस को कुछ बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस ने छात्रा के परिजनों को मुजफ्फरनगर सूचित कर देहरादून बुला लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की मौजूदगी में ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की भी जांच कर रही है, ताकि मौत के असल कारणों का पता चल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *