कैफे संचालक की गोली मारकर हत्या;हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

Crime Rishikesh

बद्रीविशाल ब्यूरो

ऋषिकेश। थाना मुनि की रेती क्षेत्र निवासी एक कैफे संचालक की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। वारदात की तस्वीरें वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में क़ैद हो गई। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। प्रथम दृष्टया मामला प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक नोएडा निवासी नितिन देव का ऋषिकेश में हाई डाउट नाम से एक कैफे है। बताया जा रहा है कि बीती रात करीब 11 बजे नितिन कैफे से तपोवन स्थित डेक्कन वैली में बने अपने फ्लैट में का रहा था। बताया गया कि जैसे ही नितिन अपने फ्लैट के नीचे पहुंचा तभी वहां पहले से मौजूद दो बदमाशों ने नितिन पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। गोली लगने से नितिन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूछताछ करने के बाद नितिन के शव को अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में स्कूटी सवार दो हमलावर दिखाई दिए। पुलिस हमलावरों की पहचान के प्रयास कर रही है।

वरिष्व उप निरीक्षक योगेश पांडे ने बताया कि हत्या की वजह का भी पता लगाया जा रहा है। वहीं हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगी है, जल्द ही हमलावरों को पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला प्रॉपर्टी के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस कई अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *