हरिद्वार। हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार 5 मार्च को ग्राम नन्हेडा अनंतपुर निवासी अमन कुमार ने थाना भगवानपुर में तहरीर देकर बताया कि 4/5 मार्च की मध्यरात्रि को दीपू उर्फ विश्वजीत पुत्र राजेश उर्फ पाटिल, निवासी ग्राम नन्हेडा अनंतपुर थाना भगवानपुर, ने उसके भाई मोहित पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। फायरिंग में मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए हायर सेंटर देहरादून में भर्ती कराया गया है।
तहरीर के आधार पर थाना भगवानपुर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी और पतारसी करते हुए आरोपी विश्वजीत उर्फ दीपू को प्रेमराजपुर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक देशी तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विश्वजीत उर्फ दीपू पुत्र राजेश के रूप में हुई है, जो वर्तमान में ग्राम नन्हेडा अनंतपुर संतसंग भवन थाना भगवानपुर जनपद हरिद्वार में रह रहा था, जबकि उसका स्थायी पता ग्राम मदैना गोसरडी, सासाराम जिला रोहतास (बिहार) बताया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।
