हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशों के तहत अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य करते हुए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना सिडकुल क्षेत्र में हुड़दंग और प्रधान के घर में घुसकर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार 05 मार्च को प्रमोद पाल की तहरीर के आधार पर थाना सिडकुल में आरोपी राजीव पाल समेत अन्य के खिलाफ घर में घुसकर हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर में बताया गया कि आरोपी एक राय होकर लाठी-डंडों और तलवार से लैस होकर उसके घर में घुस आए और उसे व उसके परिजनों के साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर भी किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस टीमों का गठन करते हुए थानाध्यक्ष सिडकुल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनिल बिष्ट को सौंपी गई।
पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से लगातार प्रयास करते हुए घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार किए गए आरोपितों के नाम पते जतिन उर्फ भारत पुत्र परमाल सिंह, निवासी जयराम जोत, थाना कर्नलगंज, जिला गोंडा (उ.प्र.), राजीव पाल पुत्र जंग बहादुर, निवासी ग्राम मंसूरपुर, थाना मंसूरपुर, जिला मुजफ्फरनगर (उ.प्र.), रोहन सिंह पुत्र सुरेश कुमार, निवासी ग्राम धारूवाला मंडावली, थाना बिजनौर, जिला बिजनौर (उ.प्र.) व सागर पुत्र मामचंद, निवासी ग्राम रामपुर मनिहारन, थाना मनिहारन, जिला सहारनपुर (उ.प्र.) बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उनका चालान कर दिया है। वहीं फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
