हरिद्वार। पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने वाले 5000 के ईनामी आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अपहृत नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सभी थाना प्रभारियों को नशा तस्करों, संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं ईनामी अपराधियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पथरी थाना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
घटना 21 जनवरी 2026 की है, जब पीडि़ता के परिजनों ने थाना पथरी में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी नाबालिग बेटी को एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने लगातार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदलता रहा। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी पर 5000 का इनाम घोषित किया गया।
पुलिस टीम ने जानकारी के आधार पर आरोपित को सुभाषगढ़ तिराहे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही नाबालिग लड़की को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपित का नाम पता अभिषेक निवासी ग्राम ब्रह्मपुर, कोतवाली रुड़की, हरिद्वार बताया गया है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है।
