फिर से करीब आए पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर;विवादों का हुआ अंत

Haridwar

बद्रीविशाल ब्यूरो

हरिद्वार। भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर और सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला सनावर अब सार्वजनिक रूप से साथ आ गए हैं। सहारनपुर में आयोजित एक संयुक्त प्रेस वार्ता में दोनों ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर नई शुरुआत का एलान किया। इसके साथ ही समय समय पर हरिद्वार की राजनीति में आने वाले तूफान का भी अंत हो गया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुरेश राठौर और उर्मिला ने कहा कि अब उनके बीच किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं है। दोनों ने एक-दूसरे को अपना जीवनसाथी मान लिया है और दावा किया कि अब पूरा परिवार एकजुट हो चुका है, जिसमें राठौर की पहली पत्नी और बेटी भी उर्मिला को स्वीकार चुकी हैं।

संयुक्त बयान में दोनों ने आरोप लगाया कि उनके रिश्ते को तोड़ने के लिए एक संगठित साजिश रची गई थी। इसमें दिल्ली, हरिद्वार और ऋषिकेश के कुछ राजनीतिक चेहरे और कथित नजदीकी शामिल हैं। दोनों ने कहा कि अब वो ऐसे लोगों को सार्वजनिक रूप से बेनकाब करेंगे जो उनके व्यक्तिगत जीवन और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने में लगे थे। हालांकि इससे पूर्व दोनों ने एक दूसरे पर कई बार आरोप प्रत्यारोप लगाए थे, लेकिन अब उन्होंने इन तमाम विवादों पर ब्रेक लगा दिया है।

प्रेस वार्ता में उर्मिला सनावर ने कहा कि अपने पहले पति से तलाक के बाद उन्होंने सुरेश राठौर के साथ नेपाल में शादी की थी। उन्होंने दावा किया कि सुरेश राठौर ने उन्हें न केवल पत्नी के रूप में स्वीकार किया, बल्कि अब उनकी पहली पत्नी और बेटी ने भी इस रिश्ते को मान्यता दे दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *