दो साल की मासूम का किया था अपहरण, आरोपित गिरफ्तार

Crime Haridwar Latest News

हरिद्वार। नगर कोतवाली स्थित तुलसी चौक से दो साल की बच्ची का अपहरण करने के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बच्ची को अपहरण के चार घंटे बाद की सकुशल बरामद कर लिया था, किन्तु अपहरणकर्ता फरार हो चुका था। आरोपित वह नशे का आदी है और बच्ची से भीख मंगवाने के लिए उसने अपहरण किया था।


उल्लेखनीय है कि 19 फरवरी को तुलसी चौक से दो साल की मासूम का अपहरण कर लिया था। जिसके संबंध में श्रीमती सोनी पत्नी स्व. इंद्रपाल, मूल निवासी ग्राम कसुआ बड़सरा अतरौली, जनपद हरदोई (उप्र), हाल निवासी गणेश घाट मायापुर, कोतवाली नगर, हरिद्वार ने चौकी मायापुर पर बच्ची के लापता हो जाने के संबंध में तहरीर दी थी। तहरीर में कहा कि 19 फरवरी की रात्रि लगभग 09 बजे वह अपनी 02 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ तुलसी चौक स्थित एचआरडीए पार्क के फुटपाथ पर सोई हुई थी। रात्रि लगभग 01 बजे जागने पर उनकी पुत्री मौके पर मौजूद नहीं मिली। परिजनों के साथ उसने रात्रि भर तलाश की गई, किन्तु कोई सफलता नहीं मिली। तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस बच्ची की तलाश में जुट गयी। करीब चार घंटे बाद पुलिस ने बच्ची को देवपुरा क्षेत्र में ऋषिकुल तिराहे के पास लावारिस अवस्था में सकुशल बरामद कर लिया।


घटना के अनावरण के लिए गठित टीमों द्वारा 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया। विवेचना के दौरान नाबालिग के अपहरणकर्ता के रूप में रवि कुमार पुत्र सुरेश कुमार निवासी निकट राधाकृष्ण आश्रम, सोनी ज्वैलर्स के पास, कोतवाली ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार, उम्र 28 वर्ष के रूप में पहचान हुई।


आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस ने देर रात्रि श्रीराम घाट के सामने पार्क के पास, नहर पटरी मायापुर क्षेत्र से आरोपी रवि कुमार को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह नशे का आदी है। उसने 19 फरवरी की रात्रि को तुलसी चौक से बालिका को उठाया और देवपुरा होते हुए एक घाट पर ले जाकर रुक गया। अगले दिन वह बालिका को अन्य शहर ले जाकर उससे भीख मंगवाकर नशे के लिए धन अर्जित करने की योजना बना रहा था। ऋषिकुल तिराहे बस अड्डे पर पुलिस की सघन चेकिंग देखकर घबराकर वह बालिका को वहीं छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *