हरिद्वार। पुराने पीर के पास मंगलौर नहर पटरी मार्ग पर 17 फरवरी को मिले शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने पैसे की तंगी और लालच में आकर उसने नशे में मृतक का गला दबाकर पास मंे रखे पत्थर से सिर पर वार कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। शव की पहचान घोसीपुरा मंगलौर निवासी प्रदीप के रुप में हुई थी। मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर कोतवाली मंगलौर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बताया कि हत्या के बाद घटनास्थल के आसपास संदिग्ध आवाजाही टटोलने पर पुलिस टीम को घटना वाले दिन की सुबह मृतक व एक अन्य अज्ञात मोटर साइकिल से घटनास्थल की ओर जाते दिखे। अज्ञात शख्स की तलाश करते हुए देवबन्द तिराहे के पास पहुंची पुलिस टीम ने संदिग्ध हुलिए से मिलते जुलते एक शख्स को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
बताया कि हिरासत में लिए गए संदिग्ध ने हत्या की वारदात कबूलते हुए बताया कि वह सराय ज्वालापुर स्थित किराये के मकान में रहता है। 17 फरवरी को अपने घर मुजफ्फर नगर जाने के लिए रुड़की में इंतजार कर रहा था। इस दौरान जब उसका शराब पीने का मन हुआ तो वह बस अड्डे के पास ही देशी शराब के ठेके पर चला गया। इस दौरान मृतक भी शराब लेने के लिए ठेके पर पहुंचा, लेकिन ठेका बंद होने व कोई जवाब न मिलने की वजह से मौके पर हुई जान पहचान के बाद दोनों मृतक की मोटर साइकिल से रामपुर चुंगी शराब के ठेके पर पहुंचे और शराब खरीदी।
इसके बाद दोनों नहर पटरी से मंगलौर की तरफ पीर के पास बाग में गए और शराब पीने लगे। बातचीत के दौरान जब हत्यारोपी को पता चला कि मृतक प्रदीप के पास पैसे हैं तो पैसे की तंगी और लालच में आकर उसने नशे में धुत प्रदीप को पहले गला दबाकर नीचे गिराया और फिर पास में रखे पत्थर से सिर पर वार कर प्रदीप की हत्या कर दी। आरोपी इसके बाद मृतक की जेब से मिले 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गया।
बताया कि हत्यारोपी के बयान के आधार पर पुलिस टीम ने घटना स्थल से कुछ दूरी पर छिपाये गये खून से सने कपडे व लूटी गई धनराशी 20 हजार रुपये बरामद किये हैं। हत्यारोपी का नाम पता विनायक त्यागी पुत्र विजेन्द्र त्यागी निवासी बरला थाना छपार जिला मुजफ्फर नगर हाल पता ग्राम सराय ज्वालापुर, कोतवाली ज्वालापुर जिला हरिद्वार उम्र 26 वर्ष बताया गया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।
