गौकशी करते दो आरोपित गिरफ्तार, 110 किलो गोमांस व उपकरण बरामद

Crime Haridwar Latest News Roorkee

हरिद्वार। जनपद में गौकशी और अवैध पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली रूड़की गंगनहर पुलिस ने छापेमारी कर गौकशी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 110 किलोग्राम गोमांस और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में गौकशी और अवैध पशु तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगनहर के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया था।
पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि माधोपुर हल्का सालियर क्षेत्र में स्थित एक घर के अंदर गौकशी की जा रही है। सूचना के आधार पर 8 मार्च को पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। छापे के दौरान घर के अंदर गौकशी करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने मौके से लगभग 110 किलो गोमांस और गौकशी करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान पुत्र तौफीक निवासी ग्राम माधोपुर, रुड़की तथा शहबान पुत्र काला उर्फ कय्यूम निवासी ग्राम माधोपुर, रुड़की के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कोतवाली गंगनहर में गौवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गौकशी और पशु तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *