टेंट हाउस के गोदाम में लगी भीषण आग, सामान जलकर हुआ राख

acsident Haridwar Latest News

हरिद्वार। कनखल थाने के समीप टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लगने से अफरा तफरी मच गई। गोदाम में आग की लपटों को देखकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की बात सामने आई है।
गुरुवार देर रात अचानक कनखल स्थित गीता टेंट हाउस के गोदाम से धुंआ निकलते देखा गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग को देखकर आसपास के लोग मौके एकत्रित हुए और आग को बुझाने का प्रयास किया। लोगों के प्रयास से आग नहीं बुझ पाई। इसी बीच फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन मायापुर की टीम मौके पर पहुंची और आग को बुझाने का प्रयास शुरू किया।


मौके पर तीन गाड़ियां और बुलानी पड़ी। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि इस अग्निकांड में टेंट हाउस का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। सीएफओ वंश बहादुर यादव ने बताया कि गुरुवार देर रात कनखल थाना क्षेत्र के निकट स्थित गीता टेंट हाउस में आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही मायापुर फायर स्टेशन से दमकल की एक यूनिट तत्काल मौके के लिए रवाना की गई। घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि दुकान के अंदर आग तेजी से फैल चुकी थी और चारों ओर घना धुआं भर गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मायापुर फायर स्टेशन से दो अतिरिक्त फायर यूनिट मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के साथ आग को फैलने से रोका गया, जिससे आसपास की दुकानों और मकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया। आग इतनी भीषण थी कि टेंट, कपड़े, सजावटी सामग्री और अन्य उपकरण पूरी तरह जल गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *