हरिद्वार। शहर के रिहायशी इलाकों में इन दिनों जंगली हाथियों की आवाजाही से लोग डरे व सहमे हुए हैं। हरिद्वार की राजा गार्डन कॉलोनी में आए दिन जंगल से निकलकर हाथी आबादी में प्रवेश कर रहे हैं। बीते मंगलवार की रात भी ऐसा ही एक मामला सामने आया, जिसने स्थानीय लोगों में डर और अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया। यहां दो जंगली हाथी आबादी में घुस आए। अचानक हाथियों को देखकर सड़क पर मौजूद लोग घबरा गए। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक हाथियों को देखकर इतना घबरा गया कि वह संतुलन खो बैठा और पास ही लगे बिजली के खंभे से जा टकराया।
गनीमत रही कि युवक को गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया। गनीमत ये भी रही कि हाथियों ने नीचे गिरे युवक पर हमला नहीं किया और कुछ देर रुकने के बाद शांतिपूर्वक आगे की ओर निकल गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि हाथियों के अचानक सामने आने से स्कूटी सवार युवक घबरा जाता है और अपना नियंत्रण खो देता है। वीडियो में कॉलोनी के भीतर हाथियों की मौजूदगी और लोगों में फैला डर भी नजर आता है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
हरिद्वार के जगजीतपुर, राजा गार्डन और आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोग लगातार हाथियों की आवाजाही से भयभीत है। लोगों का कहना है कि रात के समय बाहर निकलना मुश्किल भरा हो गया है। यदि इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो, आने वाले समय में यहां बड़ा हादसा भी हो सकता है।
रेंज अधिकारी हरिद्वार शीशपाल के मुताबिक बीती रात राजा गार्डन क्षेत्र में हाथियों के आने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही विभाग की क्विक रिस्पांस टीम मौके पर पहुंची और सुबह के समय हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ने में सफलता हासिल की गई। स्कूटी सवार युवक से जुड़ा वीडियो उनके संज्ञान में अभी नहीं आया है। वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। फिलहाल हाथियों की मूवमेंट से हरिद्वार के आबादी वाले इलाकों में खतरा बरकरार है।
