आबादी में घुसे हाथी ने मचाया उत्पात, घर के आंगन में खड़ी स्कूटी में की तोड़फोड़

Haridwar Latest News

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के जगजीतपुर में देर रात एक जंगली हाथी आबादी क्षेत्र में घुस आया और जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने एक घर के बाहर खड़ी स्कूटी को सूंड और पैरों से पटककर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


जानकारी के अनुसार, देर रात लोग घरों में सो रहे थे तभी अचानक कॉलोनी में हाथी के घुसने से अफरा तफरी मच गई। हरिद्वार के आबादी वाले इलाकों में जंगली हाथियों के घुसने का सिलसिला जारी है। रोजाना हाथी आबादी में घुस रहे हैं और अब तो फसलों के साथ साथ लोगों के वाहनों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। बताया जा रहा है कि बीती रात एक जंगली हाथी जंगल की ओर से भटककर आबादी में आ गया था। इसी दौरान वह जगजीतपुर स्थित एक मकान के बाहर पहुंचा, जहां खड़ी स्कूटी को उसने निशाना बना लिया।


हाथी ने पहले सूंड से स्कूटी को उठाने की कोशिश की और फिर उसे पटक दिया, जिससे वाहन बुरी तरह टूट गया। स्कूटी मालिक और आसपास के लोग दूर खड़े होकर पूरी घटना का वीडियो बनाते रहे। गनीमत रही कि हाथी ने किसी व्यक्ति पर हमला नहीं किया और कुछ देर बाद खुद ही वहां से आगे निकल गया। क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और आबादी क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए ठोस इंतजाम करने की मांग की है।


रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि आबादी में हाथी घुसने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और उसे फिर से जंगल में खदेड़ा गया। जल्द ही हाथियों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा, उसके लिए उच्च स्तर से हाथी रोधी दीवार बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। अब अनुमति मिलने के बाद बैरागी कैंप से लेकर अजीतपुर तक हाथी रोधी दीवार का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।


वैसे तो हरिद्वार का अधिकतर आबादी वाला क्षेत्र जंगलों से घिरा है। यहां आये दिन जंगली हाथियों के आबादी में घुसने के मामले सामने आते हैं। लेकिन सबसे ज्यादा आवाजाही हरिद्वार के जगजीतपुर और मिस्सरपुर में देखी जा रही है। बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र हाथी कॉरिडोर कहा जाता था। लेकिन आबादी बढ़ने से साथ जंगल सिकुड़ते गए और हाथियों की आवाजाही का मार्ग अवरुद्ध हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *