हरिद्वार। शहर के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब संत निरंकारी भवन के पास नाले में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह कुछ राहगीरों की नजर नाले के किनारे पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने नाले से शव को बाहर निकलवाकर आसपास मौजूद लोगों से उसकी शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
आशुतोष राणा ने बताया कि नाले से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
