हरिद्वार में कैबिनेट के 13 प्रस्तावों पर लगी मुहर, ऋषिकुल में बनेगा प्राच्य शोध संस्थान

Haridwar Latest News political uttarakhand

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार में आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में विकास से जुड़े 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों, स्वास्थ्य, आवास और विकास योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। कैबिनेट बैठक के बाद सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मीडिया को फैसलों की जानकारी दी।

बैठक का प्रमुख निर्णय हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना से जुड़ा रहा। इस संस्थान के माध्यम से भारतीय योग, ध्यान, ज्योतिष और आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। संस्थान का संचालन सोसायटी मोड में किया जाएगा। इसके लिए समिति गठित करने के प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का उद्देश्य जनता से जुड़े फैसले जनता के बीच जाकर लेना है। उन्होंने कहा कि सभी मंत्रियों की भी यही सामूहिक सोच है कि सरकार की निर्णय प्रक्रिया को जनसामान्य के और करीब लाया जाए। बैठक में केंद्र सरकार की ओर से उत्तराखंड को दी गई विकास योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी व्यक्त किया गया।

कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने हरकी पैड़ी पर मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के अवसर पर किया गया। मुख्यमंत्री ने मां गंगा से प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही देश की निरंतर प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए भी प्रार्थना की।

बैठक में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और प्रदेश के विकास से संबंधित विषयों पर भी चर्चा हुई। आगामी विधानसभा सत्र गैरसैंण अथवा किसी अन्य स्थान पर आयोजित किए जाने से संबंधित प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। कैबिनेट के सभी 13 प्रस्तावों को मंजूरी मिलने के बाद सरकार ने विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने और जनहित से जुड़े निर्णयों पर जोर दिया।

बता दें कि मुख्यमंत्री ने हर जिले में कैबिनेट बैठक करने का निर्णय लिया है। इसकी शुरुआत चंपावत जिले से हो चुकी है। अब दूसरी कैबिनेट बैठक हरिद्वार में हुई है। वहीं सरकार को आगामी विधानसभा सत्र 30 अक्तूबर से पहले आहूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *