बच्चों की शिकायत पर एक्शन: बाल संरक्षण आयोग ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और बीईओ को किया तलब

Crime Education Haridwar Latest News

हरिद्वार। बच्चों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उत्तराखंड बाल संरक्षण आयोग ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को तलब किया है। आयोग ने नारसन के खंड शिक्षा अधिकारी और हरिद्वार के मुख्य शिक्षा अधिकारी को 28 मार्च को आयोग के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।


जानकारी के अनुसार, नारसन खंड शिक्षा अधिकारी का कार्यालय पिछले कई वर्षों से एक विद्यालय के प्रांगण में संचालित हो रहा है। आरोप है कि विद्यालय में हाल ही में बने नए भवन के एक कमरे पर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के लिपिकों ने कब्जा कर रखा है। इससे विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और बच्चों के उपयोग में आने वाले स्थान पर असर पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों ने इस संबंध में बाल संरक्षण आयोग को शिकायत भेजी थी। शिकायत में कहा गया कि स्कूल के कमरे पर कार्यालय का कब्जा होने से पढ़ाई और अन्य गतिविधियों में दिक्कत हो रही है।


आरोप है कि शिकायत के बावजूद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसी को गंभीरता से लेते हुए बाल संरक्षण आयोग ने मामले का संज्ञान लिया और मुख्य शिक्षा अधिकारी हरिद्वार तथा खंड शिक्षा अधिकारी नारसन को 28 मार्च को आयोग के समक्ष तलब कर जवाब मांगा है।
अब इस मामले में आयोग के सामने अधिकारियों को स्थिति स्पष्ट करनी होगी कि बच्चों की शिकायत के बावजूद अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई। आयोग की इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हलचल मची हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *