हरिद्वार। वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सिडकुल पुलिस ने वाहन चोरी के आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। आरोपितों के खिलाफ थाना सिडकुल में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद हरिद्वार द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी तथा वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी सिडकुल को आवश्यक निर्देश दिए गए, जिसके बाद थाना क्षेत्र में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर अभियान चलाया गया।
गठित पुलिस टीम रात्रि चेकिंग के दौरान नवोदय नगर चौक के पास आने-जाने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर मोटरसाइकिल सवार पुलिस टीम को देखकर पीछे मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम सुधांशु पुत्र परशुराम, निवासी ग्राम मुकरपुर गुर्जर थाना हीमपुर दीपा जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) तथा वर्तमान में किरायेदार महादेवपुरम रावली महदूद थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने दो अन्य मोटरसाइकिलें भी चोरी करना कबूल किया।
आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने आईटीआई कॉलेज से पुलिस लाइन तिराहा मार्ग के पास से चोरी की दो और मोटरसाइकिल बरामद कर लीं। पुलिस ने तीनों मोटरसाइकिल कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपित का नाम पता सुधांशु पुत्र परशुराम, निवासी ग्राम मुकरपुर गुर्जर, थाना हीमपुर दीपा, जिला बिजनौर (उ.प्र.), हाल निवासी महादेवपुरम रावली महदूद, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार बताया गया है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा अन्य संभावित साथियों की भी तलाश की जा रही है।
