हरिद्वार। पुलिस मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस इनामी और वांछित आरोपितों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में हरिद्वार पुलिस ने 5000 के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, 21 दिसंबर 2025 को थाना भगवानपुर क्षेत्र के एक निवासी ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी नाबालिग पुत्री बिना बताए घर से कहीं चली गई है और वापस नहीं लौटी। शिकायत के आधार पर थाना भगवानपुर में गुमशुदगी दर्ज की गई।
पुलिस ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए मुखबिर की सूचना पर 5 जनवरी 2026 को गुमशुदा किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। पीडि़ता के बयान और स्कूल के दस्तावेजों के आधार पर गुमशुदगी को तरमीम करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपी महबूब पुत्र अमीर आलम उर्फ (मीर) निवासी खुड्डा थाना छपार, मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) के खिलाफ मामला पंजीकृत किया गया।
मामले में नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई बार दबिश दी, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था। इसके बाद विवेचक ने कुर्की की कार्रवाई पूरी कर आरोपी के खिलाफ फरारी में आरोप पत्र न्यायालय भेज दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा उस पर 5000 का इनाम भी घोषित किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर ने पुलिस टीम गठित की। टीम ने मुखबिर तंत्र और मोबाइल सर्विलांस की मदद से लगातार प्रयास किए।
इसी दौरान 9 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी महबूब पुत्र अमीर आलम उर्फ (मीर) को ग्राम बुढ़ाना, मांडवाड़ा (मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित का नाम व पता महबूब पुत्र अमीर आलम उर्फ (मीर), निवासी खुड्डा थाना छपार, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) बताया गया है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही कर उसका चालान कर दिया है।
