हरिद्वार। जनपद में अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना पथरी पुलिस ने गैंग लीडर भूरा उर्फ बबलू समेत तीन शातिर गैंगस्टरों को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे क्षेत्र में आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निकट पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पथरी थाना पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और गैंगस्टरों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रोह नदी के पुल पर तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी एक आपराधिक गैंग से जुड़े हैं, जिनमें भूरा उर्फ बबलू गैंग का लीडर है। उल्लेखनीय है कि भूरा उर्फ बबलू को वर्ष 2025 में पुलिस मुठभेड़ के बाद भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज की गैंगस्टर अधिनियम की धारा 2/3 में कार्रवाई शुरू की है।
गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते भूरा उर्फ बबलू पुत्र बाबू (गैंग लीडर), इकलाख पुत्र निसार व राशिद पुत्र नाजिर निवासीगण इब्राहिमपुर, पथरी हरिद्वार बताए गए हैं।
