बहादराबाद के खेत में मिला युवक का शव, सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका

Crime Haridwar Latest News

हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अतमलपुर बौंगला बाईपास के पास एक खेत में अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। युवक का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह के समय जब ग्रामीण रोजाना की तरह खेतों में काम करने पहुंचे, तो एक पॉपुलर के खेत में शव पड़ा दिखाई दिया। शव देखते ही ग्रामीणों के होश उड़ गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर शराब की बोतलें, सिर पर गहरी चोट
सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। घटनास्थल के आसपास शराब और पानी की बोतलें भी मिली हैं। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

नहीं हो सकी पहचान, पुलिस जुटी जांच में
मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *