हरिद्वार। दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा झबरेड़ा-इकबालपुर मार्ग पर साबतवाली गांव के गेट के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान बेहेड़ेकी सैदाबाद गांव निवासी गौरव (22) पुत्र रोशन और रितिक (21) पुत्र माधव के रूप में हुई है। दोनों युवक मजदूरी का काम करते थे और गुरुवार देर शाम झबरेड़ां से बाइक पर अपने घर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम थाना झबरेड़ा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी विजय सिंह के मुताबिक मामले की जांच जारी है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में मातम पसरा है।
