हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर चलती वोल्वो बस में लगी भीषण आग, 32 यात्री सुरक्षित, सामान जलकर राख

acsident Haridwar Latest News

हरिद्वार। हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब यात्रियों से भरी एक वोल्वो बस में अचानक आग लग गई। बस में सवार सभी 32 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई और यात्रियों का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस संख्या एमपी 44 जेडसी 6994 (महालक्ष्मी फिलिप्स वोल्वो बस) देहरादून से ऋषिकेश होते हुए दिल्ली और जयपुर की ओर जा रही थी। बुधवार सुबह करीब 4 बजे क्रिस्टल वर्ल्ड से आगे हरिद्वार-दिल्ली रोड पर बस में तकनीकी खराबी के कारण अचानक आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैल गई, लेकिन चालक और परिचालक की सूझबूझ तथा यात्रियों की सतर्कता से सभी लोग तत्काल बस से बाहर निकल आए। हालांकि यात्रियों का सामान और लगेज बस के अंदर ही रह गया, जो आग में पूरी तरह नष्ट हो गया।
बस चालक अरुण कुमार निवासी उदयपुर तथा परिचालक रिंकू पुत्र लाल सिंह, निवासी कंचनपुर, धौलपुर (राजस्थान) ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग बस के इंजन की ओर से शुरू हुई थी। बस में दो विदेशी नागरिक भी सवार थे, जो पूरी तरह सुरक्षित हैं।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। इसके बाद रुड़की से फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
हादसे के बाद पुलिस ने सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था कर उन्हें उनके गंतव्य की ओर रवाना किया। यात्रियों ने संकट की घड़ी में त्वरित सहायता और बेहतर व्यवस्था के लिए हरिद्वार पुलिस एवं अग्निशमन विभाग का आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है तथा आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। सौभाग्य से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *