ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गौकशी गैंग पर कसा शिकंजा

Crime Haridwar Latest News

हरिद्वार। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत हरिद्वार पुलिस ने गौकशी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक संगठित गैंग पर बड़ी चोट की है। रानीपुर क्षेत्र में सक्रिय इस गैंग के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया। जांच के दौरान गौकशी में संलिप्त चार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगालकर गैंगचार्ट तैयार किया गया, जिसके बाद गैंगस्टर एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।


पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रात दबिश देकर गैंग के सरगना समेत तीन आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में गैंग लीडर अनीश (46 वर्ष), मौ. उमेर (21 वर्ष) और मुसर्रत (29 वर्ष) शामिल हैं। सभी रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर के निवासी बताए गए हैं।


पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी गौवंश संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। चौथे आरोपी साहिल की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद में अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस अभियान का उद्देश्य संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *