जमीन के सौदे में बड़ा फर्जीवाड़ा, रजिस्ट्री न कर जान से मारने की धमकी

Crime Haridwar Latest News

हरिद्वार। लक्सर-हरिद्वार रोड स्थित पुंडेरपुर उर्फ पीपली गांव की जमीन के सौदे में करोड़ों रुपये की ठगी और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीडि़त ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपनी जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

नई दिल्ली के अशोक विहार फेस-1 निवासी अनिल सिंघल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 23 मार्च 2025 को ज्वालापुर निवासी मुकेश ने उन्हें लक्सर-हरिद्वार रोड स्थित खाता संख्या-45, खसरा नंबर-5 की लगभग 30 बीघा जमीन दिखाई थी। यह जमीन पुंडेरपुर उर्फ पीपली निवासी यामीन पुत्र नत्थू की बताई गई। जमीन का सौदा 18 लाख रुपये प्रति बीघा के हिसाब से तय हुआ, जिसकी कुल कीमत करीब 5 करोड़ 40 लाख रुपये बनी।

पीडि़त के मुताबिक उन्होंने अलग-अलग तिथियों में यामीन, इदरीस, आशू उर्फ असवद और अन्य लोगों को करीब 2 करोड़ 21 लाख रुपये नकद दिए। इसके एवज में आरोपियों ने एग्रीमेंट पर रिसीविंग भी दी। लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई और हर बार किसी न किसी बहाने से तारीख टालते रहे।

अनिल सिंघल का आरोप है कि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि आरोपी उसी जमीन का बयाना अन्य लोगों से भी ले चुके हैं और उनके खिलाफ पहले से ही लक्सर कोतवाली में मुकदमे दर्ज हैं। जब उन्होंने जमीन अपने नाम कराने की बात कही तो आरोपियों ने फोन पर जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।

पीडि़त ने बताया कि उन्होंने 22 अप्रैल 2025 को अपने वकील के माध्यम से आरोपियों को लीगल नोटिस भेजा और 7 मई 2025 को कोर्ट में मामला भी दायर किया। इसके बाद भी आरोपियों ने केस वापस लेने का दबाव बनाया। आरोप है कि 13 अक्टूबर 2025 को जब पीडि़त जमीन पर तारबंदी करवा रहे थे, तब वीडियो कॉल पर उन्हें और उनके साथियों को जान से मारने की धमकी दी गई।

पीडि़त ने कोतवाली लक्सर पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि पीडि़त की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *