सिगरेट मांगने पर दोस्तों ने ही की थी दोस्त की हत्या

big braking Crime dehradun Latest News

राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र के धारावाली में मिले शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। यह शव हत्या कर फेंका गया था। इस हत्याकांड को युवक के दोस्तों ने ही अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार सिगरेट मांगने को लेकर विवाद के बाद तालाब में डूबोकर युवक की हत्या करने के साथ ही घटना शव को छिपाने के लिए उसके ऊपर पत्थर रख दिए गए थे। युवक के दोनों दोस्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

बताते चलें कि बीती 8 फरवरी को पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के धारावली में मंदिर के पीछे खाली प्लॉट में बरसाती पानी में एक युवक का शव पत्थरों के नीचे दबा हुआ मिला था। पुलिस की जांच में युवक की हत्या किए जाने की जानकारी मिली थी। युवक की पहचान रोहित निवासी धारावाली, देहरादून के रूप में हुई थी। पुलिस को परिजनों ने बताया था कि युवक 7 फरवरी की सुबह मजदूरी के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद युवक के भाई सोनू सैनी ने पुलिस में तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की थी।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने जल्द से जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। जिसके बाद पुलिस टीम की गठन की गई।गठित टीम ने घटना के संबंध में आसपास के लोगों और युवक के परिचितों से जानकारी जुटाई। जिसमें पता चला कि रोहित रात में घटनास्थल के आसपास अपने साथियों अंकित उर्फ माठू और दिलखुश उर्फ बाला के साथ देखा गया था। घटनास्थल के पास ही उनके आपस में विवाद होने की जानकारी मिली। जिस पर युवकों के बारे में जानकारी ली गई तो पता चला कि घटना के बाद से ही दोनों अपने घर से फरार हो गए हैं। जिस पर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर को सक्रिय किया गया। मुखबिर की सूचना पर आज आरोपी दिलखुश उर्फ बाला को भुत्तोवाला और अंकित उर्फ माठू को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी दिलखुश ने बताया कि वह ट्रांसपोर्ट नगर में सेल्समैन का काम करता है। बीती 7 फरवरी की रात करीब 8ः30 बजे वह अपने साथी अंकित उर्फ माठू, जो दिहाड़ी मजदूरी करता है, उसके साथ शराब पीने के लिए घटनास्थल के पास एक मैदान में गया। वहां शराब पीने के बाद वह दोनों सिगरेट लेने एक दुकान में गए। वापसी में घटनास्थल के पास उन्हें रोहित मिला। जिसने भी काफी शराब पी हुई थी। इस दौरान सिगरेट मांगने को लेकर रोहित का दोनों से झगड़ा हो गया।


दोनों आरोपियों ने रोहित को धक्का देकर तालाब में फेंक दिया। जिसके बाद दोनों मिलकर उसे तालाब में डूबोने के साथ ही पास ही मैदान पर रखे पत्थरों को उसके शव के ऊपर रख दिया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी अगली सुबह घर से फरार हो गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि पटेलनगर क्षेत्र में युवक की हत्या मामले में उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया गया है। सिगरेट मांगने को लेकर उपजे विवाद में आरोपियों ने युवक की हत्या की थी। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *