विदेशी महिला पर्यटक से बदसलूकी;दोस्ती से इंकार पर पत्थर मारकर किया घायल;आरोपी गिरफ्तार

Crime Rishikesh

ऋषिकेश। योगनगरी ऋषिकेश में एक विदेशी महिला पर्यटक से बदसलूकी व मारपीट करने के आरोप में लक्ष्मण झूला पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक बीते शुक्रवार एक रूसी महिला लक्ष्मण झूला क्षेत्र स्थित भूतनाथ मंदिर के निकट घूम रही थी, तभी वहां एक युवक पहुंचा और उक्त महिला से बातचीत कर दोस्ती करने का प्रयास करने लगा,लेकिन महिला ने युवक को नजरंदाज कर दिया और आगे बढ़ती गई। इस पर झल्लाए युवक ने गुस्से में आकर महिला पर पत्थर से हमला कर उसे घायल कर दिया। आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर आरोपी युवक वहां से नौ दो ग्यारह हो गया।

घायल विदेशी महिला को उपचार के लिए लक्ष्मण झूला राजकीय चिकित्सालय के जाया गया, जहां उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। वहीं घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को काफी खोजबीन के बाद जंगल से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी युवक ने अपना नाम अनुज बताया,जो कि नकुड कस्बा तीतरो जिला सहारनपुर यूपी का रहने वाला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक का चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *