सेवा प्रकल्पों के माध्यम से ही सफल होगा लॉकडाउनः रविन्द्रपुरी

dharma Haridwar Latest News Roorkee social

हरिद्वार लॉकडाउन में मजदूर वर्ग व निराश्रितों की मदद के लिए सेवा अभियान चला रहे मां मंशा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष व निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि लॉकडाउन को एक महीना पूरा हो गया है। सेवा प्रकल्पों के माध्यम से ही लॉकडाउन को सफल बनाया जा सकता है। यदि तय सीमा के बाद भी लॉकडाउन जारी रहता है तब भी किसी को भोजन की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस जैसी लाईलाज बीमारी की वजह से पूरी दुनिया में लॉकडाउन है। भारत में भी इस वायरस का प्रसार रोकने के लिए लॉकडाउन करना पड़ा है। रोजगार बंद होने से अत्यन्त कठिनाई का सामना कर रहे दिहाड़ी मजदूरों व गरीब वर्ग की मदद के लिए मंशा देवी मंदिर ट्रस्ट व निरंजनी अखाड़े की ओर से शुरू किए गए सेवा अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी क्षेत्रों में प्रशासन के सहयोग से जरूरतमंदों तक निरंतर खाद्य सामग्री पहुंचायी जा रही है। जनप्रतिनिधियों की मांग पर उन्हें भी गरीबों में वितरण के लिए खाद्य सामग्री उपलब्ध करायी जा रही है। इसके अलावा तमाम व्यापारी संगठनों व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के माध्यम से भी जरूरतमंदों की मदद की जा रही है। श्रीमहंत रविन्द्रपुरी ने बताया कि ज्वालापुर के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों, शिवालिकनगर नगर पालिका क्षेत्र, कनखल, उत्तरी हरिद्वार आदि इलाकों में भी खाद्य सामग्री के ट्रक भिजवाए गए हैं। जनपद की चारों तहसीलों में वितरण के लिए प्रशासन को दो हजार राशन किट उपलब्ध करायी गयी हैं। श्री गंगोत्री धाम के दुर्गम इलाकों में रहने वालों की सहायता के लिए धाम के रावल के माध्यम राशन भिजवाया गया है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस की वैक्सीन तैयार करने में जुटे दुनिया भर के वैज्ञानिकों को जल्द सफलता मिले इसके लिए मां मंशा देवी व गंगा मैय्या के निमित्त प्रतिदिन विशेष अनुष्ठान भी किया जा रहा है। इस अवसर पर निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, मंशा देवी मंदिर के मुख्य ट्रस्टी प्रदीप शर्मा, अनिल शर्मा, स्वामी दिगम्बर राजगिरी, महंत बलवीर पुरी, महंत डोगर गिरी, स्वामी आशुतोष पुरी आदि ने विश्व शांति के लिए गंगा मैय्या से प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *