जनता का विश्वास खो चुकी भाजपा करा रही प्रायोजित सर्वे प्रसारितः राणा

Haridwar Latest News Politics Roorkee

हरिद्वार। कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम कमेटी के सदस्य महेश प्रताप राणा ने कहा कि जनता का विश्वास खो चुकी भाजपा प्रायोजित चुनावी सर्वे प्रसारित करवा कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। जमीनी सच्चाई से एकदम अलग प्रायोजित, आधारहीन तथा वास्तविकता से परे सर्वे दिखाकर देश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। शिवालिक नगर स्थित कार्यालय पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की परिवर्तन यात्रा के स्वागत की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए महेश प्रताप राणा ने कहा कि देश की जनता सब कुछ समझ रही है और गुमराह होने वाली नही है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा की आर्थिक नीतियां सही होती तो प्रदेश में बेरोजगारी इतना विकराल रूप नहीं लेती। बेरोजगारी का मुद्दा केवल राज्य का ही नहीं बल्कि पूरे देश का है। केंद्र की मोदी सरकार व उत्तराखण्ड की डबल इंजन सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर जनता में बेहद नाराजगी है। जनता की नाराजगी को देखते हुए भाजपा चैनलों पर भ्रामक सर्वे प्रसारित कर रही है। सर्वे में विधानसभा चुनावों में भाजपा की बढ़त दिखायी गयी है। जबकि सच्चाई इसके एकदम उलट है। सर्वे में भाजपा सरकार की नाकामियों को ढंकने के लिए उत्तराखण्ड के कई महत्वपूर्ण मुद्दों को नजरअंदाज किया गया है। उत्तराखण्ड में बेरोजगारी एक बड़ा मुद्दा है। बेरोजगारी को लेकर युवा सरकार से नाराज है। महंगाई से प्रत्येक वर्ग परेशान है। इसके बावजूद भाजपा की बढ़त दिखायी जा रही है। कुछ महीनों बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में सर्वे एकदम गलत साबित होंगे और कांग्रेस बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी। राणा ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में 18 सितंबर को निकलने वाली परिवर्तन यात्रा का कार्यकर्ता जोश के साथ स्वागत करेंगे। उन्होंने बताया कि परिवर्तन यात्रा में हरीश रावत के साथ प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह सहित तमाम वरिष्ठ नेता सम्मिलित होंगे। इस दौरान कमलजीत रूहेला, जान मौहम्मद अंसारी, मनीराम, कपिल रूहेला, मोहन राणा, संजय कर्दम, नारायण सिंह, राजेंद्र श्रीवास्तव, आरएस भगेल, डा.सरीन, नितीश यादव, यूएन सिंह, प्रीतम बर्मन, अखिलेश मिश्रा, आर्यन वर्मा, सुमित शर्मा, चौधरी गुलवीर सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *