कोरोना पीडि़तों की मदद के लिए निरंजनी अखाड़े ने दिए पांच लाख रुपये

dehradun Haridwar Latest News Roorkee social uttarakhand

बाहरी राज्यों के लोगों को घर भेजने के इंतजाम किए जा रहे हैंः मदन कौशिक
हरिद्वार।
मंशा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कोरोना पीडि़तों की मदद के लिए पांच लाख रूपए का चेक शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक को सौंपा। कोरोना से उपजे संकट में मंशा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष व निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज लगातार मदद में जुटे हुए हैं। एक दिन पूर्व ही प्रशासन की अपील पर श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने मंशा देवी मंदिर ट्रस्ट की ओर से 11 लाख रुपए का चेक अपर मेला अधिकारी हरवीर सिंह के माध्यम जिला प्रशासन को सौंपा था। इसके अलावा उन्होंने एक हजार लोगों के लिए रोजाना भोजन की व्यवस्था तथा शहर में फंसे बाहरी लोगों को ठहराने के लिए दो धर्मशाला खोलने का ऐलान भी किया था। शुक्रवार को निरंजनी अखाड़े पहुंचे शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक को रविन्द्रपुरी महाराज ने अखाड़े की ओर से पांच लाख रुपए का चैक सौंपा। मदन कौशिक ने कहा कि संकट की इस घड़ी में संत समाज लगातार लोगों की मदद कर रहा है। उन्होंने कहा कि निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज भी लगातार मदद कर रहे हैं। अन्य संस्थाओं को मदद के लिए आगे आना चाहिए। श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि कोरोना की वजह से पैदा हुई परेशानी के इस दौरान में आपसी सहयोग बेहद जरूरी है। गरीबों की मदद के लिए सभी को प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। मंशा देवी मंदिर ट्रस्ट व निरंजनी अखाड़ा अपने सामाजिक दायित्व का पालन करते हुए लगातार लोगों की मदद कर रहा है। मदद का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। शहरी विकास मंत्री ने श्रवणनाथ नगर में विभिन्न धर्मशालाओं में फंसे बाहरी लोगों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और पूरी मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। जो श्रद्धालु अपने घरों को लौटने चाहते हैं। उनके लिए व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बाहर से आए सभी लोगों की मदद करने तथा उन्हें भोजन उपलब्ध कराने को भी कहा। भाजपा जिला महामंत्री विकास तिवारी, युवा नेता नरेश शर्मा ने कोरोना पीडि़तों की मदद के लिए रविन्द्रपुरी महाराज के योगदान की प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *