हरिद्वार। जनपद के बहादराबाद क्षेत्र में गुलदार की दहशत से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। रोहालकी किशनपुर गांव में दो दिन के भीतर गुलदार द्वारा तीन लोगों पर हमला किए जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लगातार हो रही घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हंगामा किया, जिसके बाद विभाग ने गांव में पिंजरे लगा दिए हैं और गश्त बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय किसान कपिल कुमार अपने 12 वर्षीय भांजे के साथ बहादराबाद बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रोहालकी किशनपुर गांव स्थित एक निजी नर्सिंग कॉलेज के पास अचानक गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में कपिल कुमार के पैर पर गुलदार के पंजों के निशान आ गए, जबकि दोनों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
इससे पहले शनिवार रात को भी गुलदार ने एक बाइक सवार पर हमला किया था। दुकानदार ललित चौहान दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में गुलदार ने उन पर झपट्टा मार दिया। अचानक हुए हमले से ललित का बाइक पर नियंत्रण बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े, जिससे उन्हें काफी चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। लगातार हो रहे हमलों से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की गतिविधियां देखी जा रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि गुलदार के डर से लोग खेतों में जाने से डर रहे हैं और बच्चे भी घर से बाहर निकलने से घबराने लगे हैं। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में पिंजरे लगाने के साथ निगरानी बढ़ाने का आश्वासन दिया।
रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सुरक्षा वन विभाग की प्राथमिकता है। गुलदार को पकड़ने के लिए गांव में दो पिंजरे लगाए गए हैं, साथ ही टीम को मौके पर तैनात कर गश्त भी बढ़ा दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सतर्कता बरतें और अकेले खेतों या सुनसान स्थानों पर जाने से बचें।
