पर्यावरण संरक्षण में सभी को योगदान जरूरीः सोमेश्वरानन्द गिरि

Haridwar Latest News Roorkee social

हरिद्वार। श्री पंचदशनाम निरंजनी अखाड़े के वरिष्ठ महामण्डलेश्वर तथा बैरागी कैंप स्थित शंकराचार्य आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी सोमेश्वरानन्द गिरि महाराज ने कहा कि आज पूरी दुनिया कोरोना वायरस का शिकार हो रही है। भारत भी इस खतरनाक वायरस से पीडि़त है। इस वायरस का प्रसार रोकने के लिए सरकार ने देश में लॉकडाउन किया है। जो कि एक अच्छा कदम है। लॉकडाउन होने से कोरोना का फैलाव रोकने में मदद मिली है। लॉकडाउन के कई अच्छे नतीजे सामने आ रहे हैं। पर्यावरण में मानवीय दखल कम होने से पर्यावरण शुद्ध हुआ है। गंगा यमुना समेत तमाम नदियों में प्रदूषण का स्तर बेहद कम होने से जल बेहद स्वच्छ हो गया है। बिना किसी सफाई अभियान के ही गंगा स्वच्छ हो गयी है। ओजोन परत को हुए नुकसान की भरपाई भी काफी हद तक हो गयी है। जो पूरे विश्व के लिए अच्छा संकेत है। ऐसे में लोगों को महीने में एक बार स्वयं लॉकडाउन कर पर्यावरण की रक्षा करने के लिए आगे आना चाहिए। ऐसा केवल भारत में ही नहीं पूरे विश्व में होना चाहिए। सभी देशों की जनता को पर्यावरण सरंक्षण के प्रयासों में योगदान करना चाहिए। पर्यावरण बिगड़ने की वजह से ही तमाम तरह के वायरस सक्रिय हो रहे हैं। पर्यावरण स्वच्छ होगा तो प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ रहेगा। बीमारियों पर होने वाला खर्च घटेगा। जिससे लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा। चिकित्सा पर होने वाले खर्च को बचाकर उसे दूसरी अन्य योजनाओं पर खर्च किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस को रोकने के लिए किए गए लॉकडाउन की वजह से गरीब मजदूरों के सामने भारी समस्या उत्पन्न हो गयी है। ऐसे में सभी को भाईचारे व प्रेम का संदेश देते हुए गरीबों की मदद अवश्य करनी चाहिए। इस दौरान पार्षद सचिन अग्रवाल, स्वामी गोपाल ब्रह्मचारी महाराज, पंकज अग्रवाल, निक्कु, राजा, स्वामी गोपालदास, स्वामी सिंटूदास, स्वामी अगस्तदास आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *