ऊधमसिंहनगर। ऊधमसिंहनगर के काशीपुर के कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ढकिया नंबर एक में सोमवार सुबह रेत से लदे डंपर ने बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने डंपर में आग लगा दी और करीब एक घंटे तक वाहन जलता रहा।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, लेकिन आक्रोशित लोगों ने उसे घटनास्थल तक नहीं जाने दिया। हालात तनावपूर्ण होते देख एसपी समेत कई अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।अधिकारियों के लोगों को समझाने पर फायर ब्रिगेड ने डंपर में लगी आग बुझाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, साथ ही डंपर को भी कब्जे में ले लिया गया है।
आज सुबह 58 वर्षीय जयपाल सिंह घर से बाइक लेकर काम पर जाने के लिए निकले थे। घर से कुछ ही दूर सड़क पर पीछे से आ रहे खनन सामग्री से लदे डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि जयपाल सिंह सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। डंपर चालक वाहन वहीं छोड़कर फरार हो गया। कुछ ही देर में सड़क के दोनों ओर लोग जमा हो गए। चालक के फरार होने की खबर फैलते ही लोगों में नाराजगी बढ़ी और डंपर को आग के हवाले कर दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि इसी क्षेत्र में रात के समय भी डंपर की टक्कर से एक हादसा हुआ था। सुबह पुनरू ऐसी स्थिति देखकर लोग भड़क गए। करीब सुबह 9 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी आई, लेकिन आक्रोशित लोगों ने शुरुआत में उसे घटनास्थल तक नहीं जाने दिया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया, तब जाकर फायर ब्रिगेड को आगे बढ़ने दिया गया और डंपर में लगी आग बुझाई गई।
