ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंदा, पिता की मौत

acsident Haridwar Latest News

हरिद्वार। रायसी-लक्सर रोड पर अकोढ़ा कला गांव के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पीछे से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 14 वर्षीय पुत्र हल्का चोटिल हो गया।


मृतक की पहचान लोकेंद्र (40 वर्ष) पुत्र अजय, निवासी पंडितपुरी के रूप में हुई है। बताया गया कि लोकेंद्र अपने 14 वर्षीय बेटे अनमोल के साथ किसी परिचित को खाना देने के लिए लक्सर अस्पताल की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। जैसे ही वे रायसी-लक्सर रोड पर अकोढ़ा कला की पुलिया के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।


हादसा इतना भीषण था कि लोकेंद्र ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गनीमत रही कि उनका बेटा अनमोल ट्रैक्टर की चपेट में आने से बच गया और उसे केवल हल्की चोटें आईं।
घटना के बाद राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। भीड़ को आता देख ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक महाराजपुर क्षेत्र का किसान है। राहगीरों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से अनमोल को लक्सर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे छुट्टी दे दी।
पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से फरार ट्रैक्टर चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *