हरिद्वार। कप्तान नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने कार लूट की घटना का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई नेक्सोन कार और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 14 मार्च की शाम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि तीन अज्ञात व्यक्तियों ने सूचना देने वाले रोहित कुमार पुत्र रविंद्र सिंह निवासी नगला ऐमाद, थाना मंगलौर की नेक्सोन कार डीएल 8 सी बीएल 0846 लूट ली है। सूचना मिलते ही थाना मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन व आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
भागते समय आरोपियों ने एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी, जिससे कार का आगे का टायर फट गया। तेज गति से वाहन आगे न बढ़ पाने पर आरोपियों ने खुद को घिरता देख लिब्बरहेड़ी फ्लाईओवर के पास कार छोड़कर खेतों की ओर भागने की कोशिश की। पुलिस ने मौके से लूटी हुई नेक्सोन कार कब्जे में लेकर वादी की तहरीर के आधार पर कोतवाली मंगलौर में मुकदमा दर्ज कर लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मंगलौर के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। डिजिटल साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस से बचने के लिए आरोपी मंगलौर क्षेत्र में छिपा हुआ था, जिसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने शौक और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए अपराध करने लगा।
आरोपी ने बताया कि 13 मार्च को वह अपने दोस्तों के साथ हरियाणा से हरिद्वार घूमने आया था। हरिद्वार में शराब पीने के दौरान दोस्तों से विवाद हो गया और उसके साथी वाहन लेकर वापस हरियाणा लौट गए। दोस्तों को दिखाने के लिए कि उसके पास भी वाहन है, उसने रुड़की से किराये पर कार बुक की और गुड़ मंडी के पास चालक को धक्का देकर कार लूट ली।
गिरफ्तार आरोपित का नाम पता नीरज पुत्र नरेश निवासी मेहंदीपुर, थाना मुरथल, जिला सोनीपत (हरियाणा) बताया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह हरियाणा के विभिन्न थानों में दर्ज कई मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है।
