हरिद्वार। सार्वजनिक स्थान पर आने-जाने वाले लोगों को आकर्षित करने के लिए अश्लील इशारे करने और विवाद कर रहीं महिलाओं के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने 5 महिलाओं को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में टीम शिवमूर्ति चौक, रेलवे गेट क्षेत्र में गश्त और ड्यूटी पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस ने देखा कि दो पक्षों की महिलाएं आपस में गाली-गलौच करते हुए मारपीट पर उतारू थीं।
जांच में सामने आया कि यह विवाद राहगीरों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर हुआ था, जो धीरे-धीरे बढ़कर झगड़े में बदल गया।
स्थिति को बिगड़ता देख और शांति भंग की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों की महिलाओं को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन कायम रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
