कृषि बिल किसान हित में, भाजपा सदैव से किसान हितैषी- कौशिक

Haridwar Latest News Politics Roorkee social

भाजपा नेताओं ने कृषि बिल के बताए फायदे, बिल के समर्थन में ट्रैक्टर रैली निकाली
हरिद्वार।
किसानों के चल रहे देशव्यापी आंदोलन के कारण कृषि बिल के फायदे किसानों को बताने का भाजपा नेताओं ने जिम्मा उठाया है। इसी के चलते भाजपा नेता किसानों को कृषि बिल के फायदे बताने में लगे हैं। शहरों में भाजपा नेता व मंत्री कहीं पत्रकार वार्ता के माध्यम से तो कहीं रैली आयोजित कर कृषि बिल के फायदे किसानों को बताने का प्रयास कर रहे हैं। जिससे किसानों का आंदोलन समाप्त हो सके। इसी कड़ी में बुधवार को ऋषिकुल मैदान में भाजपा ने किसानों को कृषि बिल के फायदे बताने के लिए बुलाया था। इसी के साथ कृषि बिल के समर्थन में भाजपा ने ट्रैक्टर रैली का भी आयोजन किया।
कृषि बिल के फायदे बताने के लिए ऋषिकुल मैदान में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत को भी आना था,किन्तु किसी कारणवश वे इस कार्यक्रम में शिरकत नहीं कर पाए।
इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कृषि बिल के फायदे बताते हुए कहाकि भाजपा सरकार सदैव से ही किसान और मजूदरों की हितैषी रही है। किसानों के लिए जो कार्य भाजपा की केन्द्र सरकार ने पिछले 6 वर्षों में किया है वह कांग्रेस 70 वर्षों में भी नहीं कर पायी। कांग्रेस की उदासीनता के कारण ही किसान की दुर्दशा रही। उन्होंने कहाकि पहले मंडी में किसान के वाहन को जब्त कर लिया जाता था, किन्तु अब नया बिल आने से किसान देश के किसी भी बाजार में अपना अनाज बेच सकता है।
खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह ने कहाकि दशकों से किसानों का शोषण होता आ रहा था। केन्द्र की मोदी सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने व शोषण को रोकने के लिए कृषि कानून बनाया है। उन्होंने कहाकि भाजपा सदैव से ही किसानों कीहितैषी रही है। उन्होंने कहाकि विपक्ष किसानों को गुमराह कर भ्रम फैलाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने किसानों से कृषि बिल पर भ्रमित न होने की अपील की।
हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र से भाजपा विधायक स्वामी यतीश्वरांनद ने कहाकि नए कृषि िबल से 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का केन्द्र सरकार का लक्ष्य है। कृषि कानून बनाकर केन्द्र सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहाकि किसानों के बीच इस बिल के आने से मंडी व्यवस्था समाप्त होने व न्यूनतम समर्थन मूल्य समाप्त होने का डर फैलाया जा रहा है। जबकि सत्यता यह है कि ने तो मंडी व्यवस्था समाप्त हो रही है और न ही समर्थन मूल्य समाप्त किया जा रहा है। उन्होंने कहाकि किसानों की खेती उद्योगपतियों के हाथों चले जाने का भी विपक्ष द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा है, जो कि सरासर गलत है। किसान अपनी उपज किसी को भी और कहीं भी बेचने के लिए स्वतंत्र है।
विधायक देशराज कर्णवाल ने कहाकि पंजाब सरकार ने किसानों को बरगलाकर अपनी दुकान चलाने के लिए किसानों को दिल्ली भेज दिया है। इस बिल के आने से किसानों का शोषण करने वालों की दुकान जरूर बंद हो जाएंगी। इसी कारण से ऐसे लोग किसानों के बीच भ्रम उत्पन्न करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहाकि इस बिल के द्वारा एक देश एक बाजार की व्यवस्था से किसानों को फायदा होगा। इस दौरान भाजपा संगठन मंत्री अजेय कुलदीप, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. जयपाल सिंह चैहान, भाजपा विधायक संजय गुप्ता, विधायक आदेश चैहान, विधायक देशराज कर्णवाल, राज्यमंत्री सुशील चैहान आदि ने भी अपने विचार रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *