कांग्रेस शासन में स्वीकृत कार्यों का श्रेय ले रहे शहरी विकास मंत्रीः पालीवाल

dehradun Haridwar Latest News Politics Roorkee social uttarakhand

शहरी विकास मंत्री के विकास के दावों को कांग्रेस ने नकारा
हरिद्वार।
शहर के विकास को लेकर भाजपा व कांग्रेस के बीच छिड़ी जुबानी जंग सड़कों तक उतर आई है। दोनों ही दल एक-दूसरे के खिलाफ सड़कों पर उतरकर मोर्चा खोल चुके हैं। इसी कड़ी में बुधवार को कांग्रेस पदाधिकारियों ने भाजपा जिला महासचिव के दावों को जुमलेबाजी करार दिया है। प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस प्रदेश महासचिव डा.संजय पालीवाल ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में स्वीकृत हुई योजनाओं का श्रेय भाजपा विधायक तथा शहरी विकास मंत्री ले रहे हैं। भाजपा विधायक मदन कौशिक के 18 वर्ष के कार्यकाल में शहर पूरी तरह बदहाल हो गया है। सड़कों व हाईवे की बदहाली किसी से छिपी नहीं है। शहरी विकास मंत्री नगर निगम में हस्तक्षेप कर रहे हैं। कांग्रेसी पार्षदों के वार्डों में हो रहे विकास कार्यो को रूकवाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि भूमिगत बिजली तथा रसोई गैस लाईन कांग्रेस के शासनकाल में स्वीकृत हुई थी। हरिद्वार को सिडकुल जैसी औद्योगिक परियोजना कांग्रेस शासनकाल में मिली। भाजपा के शासन में विरोध में उठने वाली आवाजों को दबाने का काम किया जा रहा है। शहरी विकास मंत्री की नीतियों का विरोध करने गए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस के जरिए बल प्रयोग कर जबरन रोका गया। उन्होंने मांग की कि भाजपा विधायक स्वामी यतीश्वरानंद द्वारा शहरी विकास मंत्री पर लगाए जा रहे आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पूर्व विधायक अंबरीष कुमार ने कहा कि हरकी पैड़ी का वर्तमान स्वरूप कांग्रेस के शासनकाल में ही वजूद में आया। शहर को सीसीआर, मेला अस्पताल, टाऊन हाल उनके विधायक रहने के दौरान मिले। बिना किसी प्लानिंग के बिछायी जा रही भूमिगत बिजली लाईन लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गयी है। पूरे शहर में गड्ढे खोद कर छोड़ दिए गए हैं। चंद्राचार्य चौक पर होने वाले जलभराव की समस्या का आज तक कोई समाधान नहीं हो सका। अंबरीष कुमार ने कहा कि असहमति में उठने वाली आवाजों को दबाने का काम किया जा रहा है। कहाकि भाजपा के ही विधायक आपस में दोषारोपण कर रहे हैं। इसकी जांच होनी चाहिए। पूर्व मेयर अनीता शर्मा ने कहा कि शहरी विकास मंत्री को नगर निगम में हस्तक्षेप बंद कर जनता को सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शहर के विकास में सहयोग करना चाहिए। प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व सभासद अशोक शर्मा, संजय अग्रवाल, मुरली मनोहर, राजीव चौधरी, युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष नितिन तेश्वर, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष विमला पाण्डेय, रवि बहादुर इंजीनियर, वसीम सलमानी, पार्षद सुहेल अख्तर आदि सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *