व्यापारियों ने की जिलाध्यक्ष के इस्तीफे की मांग, बेबी खन्ना बनाएंगे नया व्यापार मंडल

big braking dehradun Haridwar Latest News Main News political Politics Roorkee social uttarakhand

रुड़की। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के चुनाव स्थगित होने के बाद अब व्यापार मंडल की राजनीति गरमाई हुई है। चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों और मण्डल के पदाधिकारियों ने जिले की टीम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया हैं। साथ ही मांग भी की है कि जिले के पदाधिकारियों का चयन भी मण्डल की तरह चुनावी प्रक्रिया से ही किया जाना चाहिए। इसके साथ ही चुनाव में धांधली का आरोप लगाकर पारदर्शिता बरतने की मांग की। इस दौरान उन्होंने जिलाध्यक्ष के इस्तीफे की मांग की।
व्यापार मंडल के चुनाव सोमवार को ज्वाइन्ट मजिस्ट्रेट रुड़की नमामि बंसल ने व्यापार मंडल के साथ बैठक के बाद स्थगित कर दिया था। मामले में आरोप थे कि वोटर लिस्ट में गलत तरीके से वोटों को जोड़ा गया है और कई व्यापारियों को जानबूझकर वोटर लिस्ट में नही जोड़ा गया। मंगलवार को रामनगर चौक स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में मण्डल अध्यक्ष अरविंद कश्यप ने कहा कि वोटर लिस्ट में बड़ी गड़बड़ी कुछ प्रत्याशियों को लाभ पहुंचाने के लिए जानबूझकर की गई थी। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष का चुनाव भी मतदान के बाद होना चाहिए और अब जिलाध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा पर गम्भीर आरोप लगे हैं। नैतिकता के आधार पर उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। जिला उपाध्यक्ष संजीव ग्रोवर ने कहा कि इतनी बड़ी धांधली इस मामले में सामने आई है यह निंदनीय है। उन्होंने इसकी जानकारी प्रदेश नेतृत्व को भी दी है। उन्होंने भी जिलाध्यक्ष से इस्तीफा देने की मांग की। सरदार सुरजीत सिंह ने कहा कि आज तक मण्डल ने जो सदस्यता अभियान में पैसे एकत्र किए, उसका कोई हिसाब आजतक सार्वजनिक नही किया। उन्होंने चुनाव में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा कि यह जो चुनाव हो रहा था। धनबल और शराब के बल पर लड़ा जा रहा था। युवा नेता कमल चावला ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल व्यापारियों के हितों की लड़ाई लड़ना है और इसके लिए जरूरी नही की एक ही व्यापार मंडल के बैनर तले लड़ी जाए। उन्होंने कहा कि व्यापारी एकजुट होकर अपनी लड़ाई लड़ेंगे। मोहनपुरा से व्यापारी नेता प्रदीप पाल ने कहा कि विगत चुनाव में उस क्षेत्र के व्यापारियों ने मतदान किया था लेकिन अब उन्हें इस चुनाव से बाहर किया गया। उन्होंने इस चुनाव में फिर से मोहनपुरा क्षेत्र के व्यापारियों को शामिल करने की मांग की। पत्रकार वार्ता में सौरभ गोयल, आकाश गोयल, प्रदीप पाल, सौरभ चौरसिया, अंकित चौधरी, सारंग ग्रोवर, हेमंत जुल्का, राहुल कश्यप, सचिन कश्यप, आशु आदि मौजूद रहे।
बेबी खन्ना बोले बनेगा दूसरा व्यापार मंडल
पार्षद रविन्द्र खन्ना ने कहा कि वह प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल को नही मानते और वह अलग से रुड़की व्यापार मंडल का गठन कर चुनाव करवाएंगे। उससे पहले हर प्रतिष्ठान पर जाकर व्यापारियों को सदस्य बनाया जायेगा। कमल चावला और विशाल गांधी ने रविन्द्र खन्ना को समर्थन दिया। अन्य व्यापारियों ने कहा कि वह समय देखेंगे और जरुरत पड़ी, तो नए व्यापार मंडल को समर्थन देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *