दहेज की नजायज मांग पर लड़की वालों ने वर पक्ष को बनाया बंधक;बैरंग लौटी बारात

Crime Haridwar

गणेश वैद

हरिद्वार। दहेज में 15 बीघा जमीन की मांग पर लड़की पक्ष ने दूल्हे सहित पूरी बारात को बंधक बना लिया। मामला बढ़ते देख दूल्हे के परिजनों ने करीब 20 लाख रुपए देकर अपनी जान छुड़ाई। मामला मंगलौर जिले का है।

मिली जानकारी के मुताबिक मंगलौर थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक का रिश्ता भगवानपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती से हुआ था। 25 अप्रैल को वर पक्ष बारात लेकर दुल्हन के यहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि लड़की वालों की तरफ से दूल्हे को दहेज का सामान और उसकी पसंद की कार खरीदने के लिए करीब दस लाख रुपए नकद दिए गए थे, जिससे दूल्हे ने स्विफ्ट कार खरीदी।

बताया जा रहा है कि दूल्हे को दहेज में मिला कुछ सामान पसंद नहीं आया था, जिस पर दुल्हन के परिजनों ने वह सामान बदलकर दूसरा भेज दिया। इतना सब मिलने के बाद भी दूल्हे और उसके परिजनों की डिमांड खत्म नहीं हुई। 25 अप्रैल को निकाह पढ़ने से पहले दूल्हे ने दहेज में 15 बीघा जमीन की और मांग कर डाली, जिस पर दुल्हन के परिवार के लोगों को गुस्सा आ गया।

दूल्हे की इस मांग पर लड़की वालों ने जमीन देने से इंकार कर दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। जिसके चलते लड़की वालों ने निकाह करने से इंकार कर दिया। बताते हैं कि लड़की के माता-पिता नहीं हैं। उसका निकाह उसके ताऊ कर रहे थे।

मामला इतना बढ़ा कि लड़की के घर वालों ने दूल्हे के पिता को चारपाई पर लिटा कर उसे कमरे में बंद कर दिया और बारात को बंधक बनाकर इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया। इसके बाद गांव के प्रतिष्ठित लोगों के साथ मिलकर बीच का रास्ता निकाला। लड़की वालों ने शादी में खर्च हुए रुपयों की मांग लड़के वालों के आगे रखी। आखिर में दूल्हे पक्ष ने किसी तरह 20 लाख रुपए देकर जान छुड़ाई जिसके बाद बारात बैरंग लौट गई। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *